कक्षा 9वीं–10वीं के छात्राओं को साइबर व सामाजिक अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी

किशोरी जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित
सिलवानी। पीएम श्री विद्यालय में शुक्रवार को किशोरी जागरूकता संवाद एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को न सिर्फ उपयोगी जानकारियाँ दी गईं, बल्कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी उन्हें जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में एसडीओपी अनिल मौर्य और थाना प्रभारी पूनम सविता ने छात्रों को बढ़ते साइबर अपराधों, मोबाइल के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया के खतरे और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल आज युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, लेकिन उसका गलत उपयोग कई तरह के अपराधों को बढ़ावा देता है। इसलिए विद्यार्थियों को मोबाइल सावधानी से उपयोग करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही मध्य प्रदेश शासन की विभिन्न हेल्पलाइनों, जैसे कि आपातकालीन नंबर, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन आदि की भी जानकारी छात्रों को प्रदान की गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में भयमुक्त होकर अपनी बात पुलिस तक पहुँचाएं। पुलिस हमेशा सहायता के लिए तैयार है।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं को लोभ-लालच से बचने, अजनबियों से दूरी रखने, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा सतर्क रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे और उन्होंने सुरक्षा जागरूकता से जुड़े प्रश्न भी पूछे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को निडर होकर अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी।



