मध्य प्रदेश

कलेक्टर दौरा ग्राम परासई प्रशासन सक्रिय, स्कूल–आंगनवाड़ी निरीक्षण के साथ अवैध शराब पर कसा शिकंजा

जिला ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
जबेरा । दमोह जिले की ग्राम पंचायत परासई में कलेक्टर के दौरे से प्रशासनिक हलचल तेज हो गई। कलेक्टर ने ग्राम में स्थित स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया और बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, उपस्थिति और शैक्षणिक स्तर के बारे में जानकारी ली तथा शिक्षकों को गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी-अपनी समस्याएं कलेक्टर महोदय के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई
कलेक्टर के आदेश पर ग्राम पंचायत परासई में अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार, आबकारी विभाग की टीम तथा पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। अभियान में पुलिस स्टाफ की भी सहभागिता रही।
छापेमारी के दौरान सुरेन्द्र कुमार जैन पिता रविचंद्र जैन के घर से एक पेटी अवैध शराब बरामद की गई। आबकारी विभाग एवं पुलिस द्वारा शराब जप्त कर पंचनामा तैयार किया गया और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध शराब बिक्री पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों में दिखा प्रशासन पर भरोसा
कलेक्टर के आगमन पर ग्राम पंचायत परासई में हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासनिक कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और बच्चों की शिक्षा व पोषण व्यवस्था में सुधार होगा।
कलेक्टर ने अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचे।

Related Articles

Back to top button