बालिका दिवस पर सिविल हॉस्पिटल में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित

सिलवानी। बालिका दिवस के उपलक्ष्य में सिविल हॉस्पिटल सिलवानी में शासकीय पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्होरी के किशोर-किशोरियों का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्था तथा अस्पताल की कार्य-प्रणाली से परिचित कराना था।
डॉक्टर रश्मि पटेल एवं डॉ. रंजना दास ने आरकेएसके काउंसिलर ज्योति पंडित के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को उमंग स्वास्थ्य केंद्र सहित ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, प्रयोगशाला, एक्स-रे कक्ष और वार्ड का भ्रमण कराया।
इस अवसर पर डॉ. रश्मि पटेल ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, रोगों की रोकथाम, प्राथमिक उपचार तथा समय पर इलाज के महत्व के बारे में जानकारी दी। वहीं डॉ. रंजना दास ने दांतों एवं मुंह की स्वच्छता, कैंसर के कारणों एवं उसके निवारण पर विस्तार से प्रकाश डाला।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत परामर्शदाता ज्योति पंडित ने किशोर-किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक परिवर्तनों के बारे में जानकारी दी। साथ ही किशोर स्वास्थ्य केंद्र में दी जाने वाली सेवाओं एवं कार्यक्रम के प्रमुख 6 बिंदुओं—पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, असंचारी रोग, चोट-हिंसा एवं लिंग आधारित हिंसा, माहवारी स्वच्छता, मादक पदार्थों का दुरुपयोग, एनीमिया एवं बीएमआई—पर विस्तार से समझाया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न चिकित्सा उपकरणों को नजदीक से देखा और उनसे संबंधित प्रश्न पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर हॉस्पिटल स्टाफ द्वारा दिए गए। इस शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा-भाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी। अंत में विद्यार्थियों ने अस्पताल प्रशासन एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया।



