मध्य प्रदेश

भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 4 घायल, डायल-112 ने बचाई जान


रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रमोद ढाबा के समीप गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया । दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । हादसे के तुरंत बाद राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना दी गई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घायलों को अस्पताल पहुँचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 02:20 बजे प्रमोद ढाबा के पास दो मोटरसाइकिलें विपरीत दिशा से आकर आपस में टकरा गईं । टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों पर सवार चारों व्यक्ति सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया ।
स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद उमरियापान थाने में तैनात एफआरव्ही ( FRV ) वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता
घटनास्थल पर पहुँचे डायल-112 के स्टाफ सउनि कोदूलाल दाहिया एवं पायलट इन्द्रराज पौराणिक ने बिना समय गंवाए घायलों को संभाला । पुलिस जवानों ने प्राथमिक सहायता देते हुए एफआरव्ही और चिकित्सा वाहन की मदद से सभी चारों घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल उमरियापान पहुँचाया ।
पुलिस की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी ।
समय पर मिला उपचार
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया है । समय रहते अस्पताल पहुँचाने के कारण उनकी स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सका । स्थानीय नागरिकों ने डायल-112 टीम की सराहना करते हुए कहा कि आपात स्थिति में पुलिस की तत्परता वास्तव में सराहनीय है ।
उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर संयमित गति से वाहन चलाएँ और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button