पहली बार होगा श्री नवदेवता महामंडल विधान, पात्रों का हुआ चयन

मुनि श्री 108 मार्दव सागर जी एवं मुनि श्री 108 सहजानंद सागर जी महाराज के सानिध्य में होंगे धार्मिक आयोजन
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर के हदाईपुर जैन मंदिर में मुनि श्री 108 मार्दव सागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 सहजानंद सागर जी महाराज के परम सानिध्य में पहली बार श्री नवदेवता महामंडल विधान का आयोजन होने जा रहा है। आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह का माहौल है।
विधान की तैयारियों के अंतर्गत सुबह श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। इसके पश्चात वीरेंद्र पंडित जी के संचालन में विधान के लिए विभिन्न पात्रों का चयन किया गया। इसमें ध्वजारोहण, माता-पिता, सौधर्म इंद्र, बाहुबली एवं भरत सहित अन्य प्रमुख पात्रों का चयन पुण्यार्जकों के माध्यम से किया गया। पात्रों के चयन पर समाजजनों ने सभी पुण्यार्जकों की अनुमोदना करते हुए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर चंपा सुगम मुनिम, दयाचंद चंदनहारी, सुमत टेकापार, सत्यम जादूगर, अशोक मंडी एवं अमित टेकापार सहित अन्य लोगों का विभिन्न पात्रों के लिए चयन हुआ।
आज निकलेगी घटयात्रा
श्री नवदेवता महामंडल विधान के अंतर्गत आज घटयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा हदाईपुर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हदाईपुर नसिया पहुंचेगी। इसके बाद पुनः हदाईपुर जैन मंदिर पहुंचकर यात्रा का समापन होगा। घटयात्रा के पश्चात मुनि श्री के प्रवचन होंगे, जिनमें श्री नवदेवता महामंडल विधान के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष अशोक जैन मंडी, नवीन पडरिया, सतेंद्र सर्राफ, विमल पिपरिया, दयाचंद चंदनहारी, सुमत टेकापार, संजय निमोन, दिनेश बिलहारा, राजेश जैन, संगीतकार प्रिंस, अतिशय जैन, सत्यम जादूगर, सनी आजाद, अमित जैन, रानू मरखेड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
समाजजनों ने सभी चयनित पात्रों के पुण्य की अनुमोदना करते हुए आयोजन की सफलता एवं धर्म प्रभावना की मंगलकामना की।



