मध्य प्रदेश

मैहर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे शिव भक्त

एएस होटल में निशुल्क भोजन, फल और ठहरने की व्यवस्था, भजन-कीर्तन के साथ भक्तिमय हो रही रातें
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान*।  शारदेय नवरात्र के अवसर पर मां शारदा के दर्शन के लिए मैहर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में शिव भक्त जुटे हुए हैं ।  हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिव भक्तों द्वारा स्लीमनाबाद रोड, बहोरीबंद स्थित एएस होटल में पदयात्रियों के लिए निशुल्क भोजन, फल एवं ठहरने की व्यवस्था की गई है ।  सेवा भाव से किए जा रहे इस पुनीत कार्य से मां शारदा के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है ।
जानकारी के अनुसार, नवरात्र प्रारंभ होने से एक दिन पहले ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां शारदा के दर्शन के लिए मैहर की पदयात्रा शुरू कर देते हैं ।  इसी क्रम में 9 अक्टूबर से मैहर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एएस होटल में शिव भक्तों द्वारा निशुल्क सेवा उपलब्ध कराई जा रही है ।  यहां पदयात्रियों को भोजन-प्रसादी, फल और विश्राम करने की सुविधा दी जा रही है, ताकि लंबी यात्रा के दौरान उन्हें कुछ समय आराम करने और ऊर्जा प्राप्त करने का अवसर मिल सके ।
*रात में भजन-कीर्तन, सुबह फिर शुरू होती है पदयात्रा*
एएस होटल में रात्रि विश्राम के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए मां शारदा की भक्ति में लीन रहते हैं ।  रात भक्तिमय माहौल में बिताने के बाद सुबह होते ही श्रद्धालु जयकारों के साथ अपनी पदयात्रा पुनः प्रारंभ कर देते हैं और मां शारदा के दर्शन के लिए आगे बढ़ जाते हैं ।
*सेवा ही सच्ची भक्ति का संदेश*
नवरात्र के पावन अवसर पर शिव भक्तों द्वारा की जा रही यह सेवा धार्मिक आस्था के साथ-साथ मानव सेवा की भावना को भी प्रदर्शित करती है ।  पदयात्रियों के लिए भोजन, फल और विश्राम की निशुल्क व्यवस्था करना श्रद्धालुओं के प्रति समर्पण और सहयोग का प्रतीक है । मां शारदा के दर्शन के लिए निकलने वाले भक्तों को इस सेवा से यात्रा के दौरान सहारा मिल रहा है ।

Related Articles

Back to top button