खेलमध्य प्रदेश

चांदौड़ा गांव की बेटी यशस्वी बुंदेला ने परिवार के बच्चों के साथ भोपाल में रचा इतिहास

270 टीमों के बीच हासिल किया तीसरा स्थान!
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। तहसील के ग्राम चांदौड़ा की यशस्वी बुंदेला, पिता शिव प्रताप सिंह बुंदेला, ने अपने परिवार के बच्चों यशवर्धन सिंह चौहान और संयोगिता सिंह चौहान पिता चंद्र प्रताप सिंह चौहान दोनों निवासी ग्राम टोड़ा, जिला शिवपुरी, के साथ मिलकर भोपाल में आयोजित एमपी आनलाइन हेखातोन में शानदार उपलब्धि हासिल की है। नॉन-टेक्निकल श्रेणी में तीनों ने ‘शिक्षा सेतु’ नामक परियोजना प्रस्तुत की और कुल 270 टीमों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 15 फाइनलिस्ट में जगह बनाई तथा तृतीय स्थान (सेकंड रनर-अप) हासिल किया। खास बात यह है कि बिना किसी विशेष तैयारी के प्रतियोगिता में शामिल हुई इस टीम ने अपने विचार और प्रस्तुति के दम पर यह मुकाम हासिल किया। ‘शिक्षा सेतु’ का उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, नौकरी, इंटर्नशिप और प्रतियोगिताओं से जुड़ी जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है, ताकि गांवों के बच्चों को अवसरों की तलाश में अलग अलग वेबसाइटों पर भटकना न पड़े। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अदिति गर्ग की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में मिली सफलता ने बेगमगंज क्षेत्र और ग्राम चांदौड़ा का मान बढ़ाया है। एक ही परिवार के इन तीन बच्चों की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा बड़े शहरों की मोहताज नहीं होती; छोटे गांवों से निकलकर भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। चांदौड़ा की बेटी और उसके परिवार के बच्चों की यह सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा है और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

Related Articles

Back to top button