खितौला जैन मंदिर में श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया गया भगवान आदिनाथ जन्म महोत्सव

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । खितौला स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में गुरुवार को चैत्र कृष्ण नवमी के पावन अवसर पर देवाधिदेव 1008 प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया । इस अवसर पर प्रातः लगभग 7 बजे मंदिर से भगवान श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें जैन समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवतियों तथा बच्चों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
शोभायात्रा पूरे नगर में भ्रमण करते हुए भक्तिमय वातावरण के बीच निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु भगवान आदिनाथ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे । शोभायात्रा के दौरान जैन समाज की महिलाओं द्वारा पुष्पवाटिका एवं दिव्य घोष के साथ पूरे मार्ग में गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई गई । महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति भाव के साथ सहभागिता की, जिससे पूरा वातावरण धर्ममय और उत्सवमय हो गया ।
भगवान श्रीजी की सुसज्जित पालकी को श्रद्धालुओं द्वारा कंधों पर उठाकर नगर में भ्रमण कराया गया, जिसे देखने के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी । शोभायात्रा के पश्चात मंदिर परिसर में भगवान का मस्तकाभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन विधि-विधान से संपन्न की गई।
मंदिर की ऊपरी वेदी में विराजमान मूलनायक भगवान 1008 आदिनाथ का भी श्रद्धापूर्वक मस्तकाभिषेक किया गया। इस दौरान भक्तों ने भगवान की आराधना कर धर्म लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में जैन समाज के अनेक गणमान्यजन एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे । पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और सभी श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ के जन्म कल्याणक को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया। ।

