मध्य प्रदेश

विद्यारंभ ग्रेजुएशन समारोह: आंगनवाड़ी के नन्हें बच्चों को मिला नया मुकाम

सिलवानी। परियोजना सिलवानी अंतर्गत मंगलवार को क्षेत्र के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्यारंभ ग्रेजुएशन समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। यह आयोजन 5 से 6 वर्ष आयु के उन बच्चों के लिए विशेष रूप से किया गया, जिन्होंने पूर्व प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण कर अब विद्यालयीन जीवन में प्रवेश की तैयारी कर ली है।
कार्यक्रम के तहत सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा बच्चों और उनके अभिभावकों को आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर नन्हें बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। जनप्रतिनिधियों के हाथों प्रमाण पत्र प्राप्त कर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन में परियोजना अधिकारी अविदा वी, सेक्टर पर्यवेक्षक सुरक्षा विश्वकर्मा, अर्चना कुशवाहा, मानकुंवर प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि शीला पटेल (जनपद उपाध्यक्ष, सिलवानी) आंगनवाड़ी केंद्र गुंदरई में मौजूद रहीं। वहीं वार्ड पार्षद हाफिस मंसूरी आंगनवाड़ी केंद्र जमुनिया परमसुख एवं गांधीनगर में कार्यक्रम में शामिल हुए।
वहीं आंगनवाड़ी केंद्र सिंहपुरी में भी कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां बच्चों का तिलक लगाकर, फूलों से स्वागत कर एवं चॉकलेट वितरित कर उनका अभिनंदन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक आशीष एवं वीरेंद्र कुमार ने की। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रीति यादव, सहायिका मंगू बाई, अभिभावक भारती, बालचंद सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने गांव की महिलाओं एवं अभिभावकों को बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी एवं स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के माध्यम से न केवल बच्चों को स्कूल शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया, बल्कि अभिभावकों को भी उनकी शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया गया। यह आयोजन बच्चों के जीवन में एक नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत का प्रतीक बना।

Related Articles

Back to top button