ढीमरखेड़ा में 5.25 करोड़ की लागत से बनेगा जनपद पंचायत भवन, विधायक ने किया स्थल निरीक्षण

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने शुक्रवार को ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित नवीन जनपद पंचायत भवन के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण किया। लगभग 5 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से बनने जा रहे इस भवन से प्रशासनिक कार्यों में बेहतर सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए । उन्होंने कहा कि यह भवन प्रशासनिक कार्यों को सुव्यवस्थित करेगा, बल्कि क्षेत्र के ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने में भी सहायक सिद्ध होंगा ।
विधायक श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान में जनपद पंचायत स्तर पर कई विभागों के कार्य अलग-अलग स्थानों से संचालित होते हैं, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है । नए भवन के निर्माण के बाद सभी व्यवस्थाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी, जिससे पारदर्शिता और कार्यक्षमता दोनों में सुधार आएगा।
उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य के दौरान नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए ।
इस अवसर पर एसडीएम निधि गोयल, जनपद सीईओ यजुवेंद्र कोरी, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, समाजसेवी संतोष दुबे, योगेन्द्र सिंह ठाकुर, सुलभ त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे ।



