मध्य प्रदेशव्यापार

शादी सीजन में महंगाई का तड़का: कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा, व्यापारियों में चिंता

सिलवानी। एलपीजी संकट के बीच सरकार ने मई माह के पहले ही दिन व्यापार जगत को महंगाई का एक और झटका दे दिया है। 1 मई से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी की गई है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में लगभग 1000 रुपए की वृद्धि हुई है।
इस अचानक बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ने की संभावना है। शादी सीजन के दौरान इन व्यवसायों में गैस की खपत पहले से ही अधिक रहती है, ऐसे में कीमतों में वृद्धि ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि पहले से ही एलपीजी की उपलब्धता को लेकर संकट बना हुआ था, और अब दाम बढ़ने से स्थिति और कठिन हो गई है। उनका कहना है कि यदि यही हाल रहा तो छोटे व्यापारियों के लिए कारोबार चलाना मुश्किल हो जाएगा और कुछ को अपने व्यवसाय बंद करने तक की नौबत आ सकती है।
शादी-ब्याह के इस व्यस्त सीजन में कमर्शियल सिलेंडरों की खपत तेजी से बढ़ती है। ऐसे में लगभग 1000 रुपए की बढ़ोतरी ने लागत को काफी बढ़ा दिया है। इसका असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ेगा, क्योंकि बाहर खाने-पीने की कीमतों में इजाफा होना तय माना जा रहा है।
व्यापारियों ने सरकार से इस बढ़ोतरी पर पुनर्विचार करने और राहत देने की मांग की है, ताकि व्यवसाय और आम जनता दोनों को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button