मध्य प्रदेश

खम कुआं में ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना पर क्लस्टर स्तरीय कार्यशाला आयोजित

सिलवानी। जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत खम कुआं में “नर्मदा रिवर बेगमगंज EX-2 एवं गैरतगंज-सिलवानी ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना” के अंतर्गत क्लस्टर स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मध्य प्रदेश जल निगम परियोजना क्रियान्वयन इकाई (PIU) भोपाल के तत्वावधान में सहायक संस्था (ISA) हेल्प रेस होल्डिंग हैंड्स टू हेल्प द्वारा ग्राम पंचायत के सभा कक्ष में किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करना, जल जीवन मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं जल प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान अतिथियों एवं विषय विशेषज्ञों ने नर्मदा नदी आधारित समूह जल प्रदाय योजना की प्रगति, महत्व और इससे ग्रामीणों को मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में सहायक संस्था के प्रतिनिधि वैभव चौरसिया एवं अनिल चौबे ने बताया कि योजना की सफलता के लिए स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण, पानी के दुरुपयोग की रोकथाम तथा योजना के संचालन में सहयोग की अपील की।
कार्यशाला में ओ एंड एम की ओर से माधवी रैकवार ने जल कर (वॉटर टैक्स) के समय पर भुगतान तथा योजना के दीर्घकालीन रखरखाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। वहीं मध्य प्रदेश जल निगम की ओर से एसक्यूसी के सहायक अभियंता उमेश ने योजना के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनों के प्रश्नों एवं शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायक संस्था के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button