मध्य प्रदेश

टीईटी अनिवार्यता के विरोध में 18 जून को होगा जिला स्तरीय प्रदर्शन, शिक्षक संघ की बैठक में बनी रणनीति

रायसेन। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ जिला रायसेन की जिला कार्यकारिणी बैठक रविवार को मॉडर्न कॉन्वेंट हायर सेकेंड्री स्कूल, औबेदुल्लागंज में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान एवं शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता के विरोध में 18 जून को जिला स्तर पर प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने की रणनीति बनाई गई। बैठक के मुख्य अतिथि राजीव शर्मा, प्रांत सह संगठन मंत्री ने कहा कि शिक्षक हितों के संरक्षण के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद उत्पन्न परिस्थितियों में शिक्षकों की जायज मांगों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 18 जून को रायसेन जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय प्रदर्शन कर देश के प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने तथा इस संबंध में केंद्र सरकार से विधायी संशोधन किए जाने की मांग उठाई जाएगी। वक्ताओं ने इसे प्राकृतिक न्याय और शिक्षकों के सेवा अधिकारों से जुड़ा विषय बताते हुए बड़ी संख्या में सहभागिता का आह्वान किया। संघ के जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए जून में टेट ज्ञापन, जुलाई माह में सदस्यता अभियान, अगस्त में गुरु छाया कार्यक्रम, वृहद जिला शिक्षक सम्मेलन एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान समारोह तथा सितंबर माह में संत रविदास जी के 650वें प्रकट उत्सव के आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक को प्रदीप मिश्रा जिला उपाध्यक्ष, मनोज नायक जिला मीडिया प्रभारी, दिलीप भार्गव ब्लॉक अध्यक्ष, औबेदुल्लागंज, राधेश्याम नमचुरिया जिला सदस्य, हरिशंकर धुर्वे जिला सचिव, अश्विनी शर्मा सांची अध्यक्ष, तथा आरती शर्मा जिला सदस्य ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठनात्मक एकजुटता, सदस्यता विस्तार और शिक्षक समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। बैठक में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया तथा शिक्षक हितों की रक्षा एवं संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button