डीजल संकट गहराया, ईंधन की किल्लत से अन्नदाता परेशान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में इन दिनों डीजल की भारी किल्लत से किसान वर्ग को परेशानियों का सामना कर रहा है । कृषि कार्यों के महत्वपूर्ण समय पर डीजल की उपलब्धता प्रभावित होने से खेतों की जुताई, बुवाई तथा सिंचाई संबंधी कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है । डीजल की कमी के कारण किसानों को लंबी दूरी तय कर अन्य क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है ।
क्षेत्र के किसानों का कहना है कि मानसून पूर्व कृषि तैयारियों का दौर चल रहा है । ऐसे समय में ट्रैक्टर, पंपसेट और अन्य कृषि यंत्रों के संचालन के लिए डीजल की आवश्यकता सबसे अधिक रहती है, लेकिन कई पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं होने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है । कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित हो रहे हैं ।
किसानों ने प्रशासन और संबंधित तेल कंपनियों से मांग की है कि क्षेत्र में डीजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषि कार्य बाधित न हों और किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े । किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आगामी खरीफ सीजन की तैयारियां प्रभावित हो सकती हैं।
ग्रामीणों और किसान संगठनों ने भी डीजल संकट पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या के निराकरण की मांग की है । किसानों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द ही पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराकर राहत प्रदान करेगा ।



