मध्य प्रदेश

स्लीमनाबाद में महारानी ने मोहा भक्तों का मन

रिपोर्टर ; सतीश चौरसिया
उमरियापान।  शारदेय नवरात्र पर्व को लेकर स्लीमनाबाद क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है ।  नगर में जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जहां सुबह-शाम विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की जा रही है। मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। नगर में छह स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की गई है, जिससे पूरा क्षेत्र माता की भक्ति में सराबोर नजर आ रहा है ।
*मुख्य मार्गों पर विराजीं मां दुर्गा की प्रतिमाएं*
स्लीमनाबाद तिराहे सहित नगर के प्रमुख मार्गों और विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडाल सजाकर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं ।  रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से पंडालों की रौनक देखते ही बन रही है ।  शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है ।  आरती के दौरान बड़ी संख्या में भक्त एकत्रित होकर मां दुर्गा की आराधना करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं ।
*कहीं रामलीला तो कहीं भजनों की फुहार*
नवरात्र पर्व के दौरान धार्मिक आयोजनों की भी धूम मची हुई है ।  कहीं रामलीला का मंचन कर भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया जा रहा है, तो कहीं भजन-कीर्तन के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया जा रहा है । भक्ति गीतों और जय माता दी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। धार्मिक आयोजनों में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की सहभागिता भी देखने को मिल रही है ।
*श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा नवरात्र पर्व*
शारदेय नवरात्र के अवसर पर स्लीमनाबाद में श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।  सुबह से देर शाम तक माता के दर्शन के लिए भक्त पंडालों में पहुंच रहे हैं। वहीं, दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं की जा रही हैं । दस दिवसीय नवरात्र पर्व के चलते नगर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और चारों ओर माता की भक्ति की छटा बिखरी हुई है ।

Related Articles

Back to top button