मध्य प्रदेश

उमरियापान में 15 अक्टूबर को निकलेगी 211 मीटर की विशाल चुनरी यात्रा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर उमरियापान में 15 अक्टूबर, गुरुवार को विशाल चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाएगा । इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा 211 मीटर लंबी लाल चुनरी मां बड़ी माई को तथा 211 मीटर लंबी काली चुनरी मां महाकाली को अर्पित की जाएगी ।
आयोजक समिति के सदस्य प्रमोद असाटी ने बताया कि पहली विशाल लाल चुनरी यात्रा नवरात्र पंचमी गुरुवार को सुबह 8 बजे मचखंडा मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 8 स्थित बड़ी माई मंदिर से प्रारंभ होगी । यह यात्रा कटरा बाजार, न्यू बस स्टैंड और झंडा चौक होते हुए बड़ी माई मंदिर पहुंचेगी, जहां विराजमान मां बड़ी माई को 211 मीटर लंबी लाल चुनरी अर्पित की जाएगी ।
इसी क्रम में 211 मीटर लंबी काली चुनरी यात्रा बड़ी माई मंदिर से प्रारंभ होकर झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड होते हुए बानी समाज महाकाली दुर्गोत्सव समिति के पंडाल पहुंचेगी । यहां मां महाकाली को काली चुनरी अर्पित की जाएगी ।
आयोजक समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से चुनरी यात्रा में शामिल होकर मां के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है ।

Related Articles

Back to top button