मध्य प्रदेश

15 वर्ष पहले मृत शिक्षक की पोर्टल पर हुई पदस्थापना, जीवित रिकार्ड ने खड़े किए सवाल

मंगेली प्राथमिक शाला में सामने आई बड़ी प्रशासनिक गड़बड़ी, शिक्षक ने डीईओ से की जांच की मांग
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। कटनी जिले के ढीमरखेड़ा विकासखंड के संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरियापान अंतर्गत प्राथमिक शाला मंगेली में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है । करीब 15 वर्ष पूर्व दिवंगत हो चुके एक शिक्षक का नाम अचानक एजुकेशन पोर्टल 3.0 में विद्यालय की पदस्थापना सूची में दिखाई देने लगा, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं ।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मंगेली में वर्ष 2011 से संचालित प्राथमिक शाला में वर्तमान में 28 छात्र अध्ययनरत हैं तथा दो शिक्षक पदस्थ हैं । दिसंबर 2025 में पदस्थ शिक्षक बाला प्रसाद पटेल के चिकित्सकीय अवकाश पर चले जाने के बाद विद्यालय एकल शिक्षकीय हो गया, जिसके चलते शॉर्ट टर्म अतिथि शिक्षक का पद भी स्वीकृत किया गया ।
इसी बीच अप्रैल 2026 में एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर लगभग 15 वर्ष पूर्व दिवंगत हो चुके शिक्षक महिपाल सिंह ठाकुर का नाम विद्यालय में पदस्थ दर्शाया जाने लगा । इस विसंगति की जानकारी मिलते ही शाला प्रभारी ने पोर्टल पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि संबंधित अधिकारियों ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की ।
इस त्रुटि का सीधा असर विद्यालय के शिक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी पर पड़ा, जिन्हें पोर्टल में अतिशेष (सरप्लस) शिक्षक की सूची में शामिल कर दिया गया ।
पीड़ित शिक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी ने जिला शिक्षा अधिकारी, कटनी को पत्र लिखकर मांग की है कि दिवंगत शिक्षक महिपाल सिंह ठाकुर का नाम तत्काल विद्यालय की पदस्थापना सूची से हटाया जाए, उनका नाम अतिशेष सूची से विलोपित किया जाए तथा यह भी जांच कराई जाए कि 15 वर्ष पूर्व मृत शिक्षक का नाम विभागीय पोर्टल में किस प्रकार दर्ज हो गया ।
शिक्षा विभाग की इस गंभीर तकनीकी अथवा प्रशासनिक लापरवाही को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है । अब सभी की निगाहें जिला शिक्षा अधिकारी की कार्रवाई पर टिकी हैं ।

Related Articles

Back to top button