मध्य प्रदेश

सीएम राइज स्कूल निर्माण की लापरवाही से पीएम श्री विद्यालय का मार्ग दलदल में तब्दील, छात्र-छात्राओं को हो रही भारी परेशानी

सिलवानी। नगर में निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल के कार्य में हो रही देरी और निर्माण एजेंसी की लापरवाही का खामियाजा अब पीएम श्री विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों को भुगतना पड़ रहा है। बीते दो दिनों से हुई बारिश के बाद पीएम श्री विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार सीएम राइज स्कूल का निर्माण कार्य लंबे समय से जारी है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क की समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने और निर्माण सामग्री एवं वाहनों की आवाजाही के कारण विद्यालय का मुख्य मार्ग खराब हो गया है। बारिश होने के बाद स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। गुरुवार को विद्यालय पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा, जिससे कई विद्यार्थियों के कपड़े और जूते खराब हो गए तथा उन्हें विद्यालय पहुंचने में काफी परेशानी हुई।
पीएम श्री विद्यालय की प्राचार्य सोनल नामदेव ने बताया कि सड़क खराब होने से विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में मार्ग पर फिसलन और जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर सिलवानी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) एवं सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य को अवगत कराया गया है, ताकि शीघ्र समाधान कराया जा सके।
अभिभावकों ने भी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय मार्ग की बदहाल स्थिति बच्चों की सुरक्षा के लिए खतरा बन रही है। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित निर्माण एजेंसी से मांग की है कि विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस संबंध में रूपेश ठाकुर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), सिलवानी का कहना है कि पीएम श्री विद्यालय के प्राचार्य द्वारा विद्यालय मार्ग की खराब स्थिति को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत मिलते ही संबंधित सीएम राइज स्कूल निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों एवं ठेकेदार को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के आवागमन के लिए सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button