मध्य प्रदेश

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं पर अंकुश का प्रभावी माध्यम : एसीपी विजय कुमार दुबे

सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा विषय पर हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम
भोपाल। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान (आईएएसई) भोपाल में बी.एड. एवं एम.एड. प्रशिक्षणार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा विषय पर यातायात शिक्षा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में एसीपी विजय कुमार दुबे ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही, तेज गति, नशे में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करे तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर यातायात शिक्षा सेल के प्रधान आरक्षक गिरीश कुमार सारस्वत ने पॉवर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से रोड साइन, रोड मार्किंग, ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया, राहवीर योजना तथा सुरक्षित यातायात से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। आरक्षक मनोहर मालवीय भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान की सहायक प्राध्यापक डॉ. सपना जैन ने विषय की भूमिका बताते हुए सड़क सुरक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रशिक्षणार्थियों को जनजागरूकता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। प्राध्यापक माधवी खरे ने यातायात व्यवस्था की बात रखते हुए सुझाव दिए। अंत में अखिल श्रीवास्तव ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मनोज नायक ने किया। कार्यक्रम में संस्थान के प्राध्यापकों, शिक्षकों, प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संकल्प लिया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे और समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।

Related Articles

Back to top button