मध्य प्रदेश

तीन दिन बाद मिला उफनती नदी में बहे युवक का शव

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । रायसेन जिले के बेगमगंज में सेमरी नदी की रपटे से बाइक निकालने के दौरान तेज बहाव में बह गए युवक का शव घटना के तीन दिन बाद बरामद कर लिया गया। शव घटनास्थल से करीब सात किलोमीटर दूर नदी किनारे मिट्टी में दबा मिला। मृतक की पहचान नैन विलास निवासी राजेश बैरागी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय राजेश अपनी बाइक सहित नदी के तेज बहाव में बह गया था। रेस्क्यू दल ने पहले ही उसकी बाइक नदी से बरामद कर ली थी, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका था। लगातार तीन दिन तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद आखिरकार उसका शव बरामद हुआ।
रेस्क्यू अभियान में जिला मुख्यालय से पहुंची टीम, स्थानीय पुलिस और गोताखोर लगातार जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद शव मिलने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
राजेश अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला बेटा था। उसके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घर पहुंचने की जल्दबाजी और उफनती नदी को पार करने का जोखिम एक युवा की जिंदगी पर भारी पड़ गया।

Related Articles

Back to top button