38 वर्ष की शासकीय सेवा के बाद लेखापाल केशव प्रसाद परौहा सेवानिवृत्त

जनपद पंचायत में भावभीनी बिदाई
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में पदस्थ लेखापाल (बाबू ए ग्रेड) केशव प्रसाद परौहा 38 वर्ष की शासकीय सेवा पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए । इस अवसर पर ढीमरखेड़ा स्थित मंगल भवन में सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे, उपाध्यक्ष दुर्गा पारस पटेल, जनपद सदस्य सहित जनपद के अधिकारी, कर्मचारी, सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे ने केशव प्रसाद परौहा की दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे सेवा काल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके कार्य और अनुभव हमेशा प्रेरणादायी रहेंगे।
इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुर्गा पारस पटेल ने भी केशव प्रसाद परौहा के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी भी कार्य के दबाव को अपने व्यवहार पर हावी नहीं होने दिया। उनका सहज, सरल और सहयोगात्मक स्वभाव सभी के लिए अनुकरणीय रहा है ।
सीईओ यजुवेंद्र कोरी सहित जनप्रतिनिधियों व कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं
विदाई समारोह में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी यजुवेंद्र कोरी, जनपद के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, सरपंच, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे । सभी ने केशव प्रसाद परौहा के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया ।



