मध्य प्रदेश

विधायक ने अवैध पैकरियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

कटनी पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर विशेष अभियान चलाने और अवैध कारोबार पर पूर्ण रोक लगाने का किया आग्रह
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में अवैध पैकरियों के बढ़ते संचालन को गंभीरता से लेते हुए विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कटनी पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर इस अवैध कारोबार के विरुद्ध व्यापक एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है । उन्होंने क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध पैकरियों को पूरी तरह बंद कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है ।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्लीमनाबाद थाना, तेवरी चौकी, एनकेजे थाना, निवार चौकी, ढीमरखेड़ा थाना, उमरियापान थाना एवं सिलौंडी चौकी क्षेत्रों के अनेक गांवों एवं ग्राम पंचायतों से लगातार अवैध पैकरियों के संचालन की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं । स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा भी समय-समय पर इस संबंध में शिकायतें की गई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है ।
उन्होंने कहा कि अवैध पैकरियों का संचालन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण भी दूषित हो रहा है। युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है तथा आम नागरिकों में असुरक्षा और असंतोष की भावना उत्पन्न हो रही है । यदि समय रहते इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति और अधिक प्रभावित हो सकती है ।
इस संबंध में भाजपा नेता योगेंद्र सिंह (दादा ठाकुर) ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने क्षेत्र में बढ़ रही अवैध पैकरियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि सभी संबंधित थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध पैकरियों की पहचान की जाए, उनके संचालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार के अवैध कारोबार की रोकने के लिए नियमित निगरानी एवं सघन जांच अभियान संचालित किए जाएं । उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करने का भी आग्रह किया है ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो सके ।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही प्रभावी कार्रवाई करेगा ।
इस संबंध में विधायक द्वारा भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर रेंज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी, जिला आबकारी विभाग, स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा, उमरियापान एवं सिलौंडी थाना प्रभारियों सहित संबंधित चौकी प्रभारियों को भी प्रेषित की गई है ।

Related Articles

Back to top button