पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से की जनचर्चा

सिलवानी। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों के निर्माणाधीन आवासों का बुधवार को मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही परिवारों से आत्मीय जनचर्चा कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।
पूर्व मंत्री राजपूत ने हितग्राहियों से चर्चा करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा योजना के अंतर्गत प्राप्त सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी हितग्राही परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हितग्राहियों ने योजना के माध्यम से पक्का आवास मिलने पर प्रधानमंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर जैन, संदीप शर्मा, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, भाजपा मीडिया राधेश्याम साहू उपस्थित रहे।



