मध्य प्रदेश

ढीमरखेड़ा सिलौड़ी मार्ग बदहाल, झाड़ियों और जलभराव से बढ़ा हादसों का खतरा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित ढीमरखेड़ा से बिरासन पाली होते हुए सिलोड़ी जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाली और प्रशासनिक अनदेखी का शिकार है। सड़क किनारे फैली झाड़ियों के कारण कई अंधे मोड़ खतरनाक हो गए हैं, वहीं पिंडरई गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी जमा होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
स्थानीय निवासियों के अनुसार पूर्व में विभाग द्वारा सड़क के किनारे नियमित रूप से झाड़ियों और अनावश्यक पेड़-पौधों की छंटाई कराई जाती थी, लेकिन बीते कुछ वर्षों से सफाई कार्य बंद है । इससे झाड़ियां सड़क तक फैल गई हैं और मार्ग का उपयोगी हिस्सा भी संकरा हो गया है । मार्ग पर कई ऐसे मोड़ हैं, जहां सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है ।
यह मार्ग पिंडरई गांव के बीच से होकर गुजरता है । ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के भीतर सड़क निर्माण के दौरान नाली का निर्माण नहीं कराया गया, जिसके चलते बारिश और घरों का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है । जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन देकर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ । ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और संबंधित ठेकेदार समस्या के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं ।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क किनारे की झाड़ियों की सफाई और पिंडरई में नाली निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे ।

Related Articles

Back to top button