मध्य प्रदेश

गणेश उत्सव को लेकर उमरियापान थाना प्रांगण में शांति समिति की बैठक

पंडालों में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील, उपद्रव करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  गणेश उत्सव पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को उमरियापान थाना प्रांगण में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई ।  पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार आयोजित बैठक की अध्यक्षता नायब तहसीलदार इसरार खान एवं थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने की। बैठक में नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, गणेश उत्सव समितियों के सदस्य एवं पत्रकार उपस्थित रहे ।
बैठक में नायब तहसीलदार इसरार खान ने गणेश उत्सव समितियों से अपील करते हुए कहा कि पर्व को शांतिपूर्वक एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाएं । गणेश पंडालों में किसी भी प्रकार का उपद्रव, विवाद अथवा शराबखोरी न होने दें ।  उन्होंने समितियों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने कहा कि सभी समितियां आपसी भाईचारे और शांति के साथ गणेश उत्सव मनाएं ।  यदि किसी पंडाल अथवा चल समारोह में कोई व्यक्ति उपद्रव करता है या नशे की हालत में माहौल खराब करने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें ।  उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत मिलने पर उपद्रव करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी ।
*विसर्जन स्थलों पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था की मांग*
बैठक में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी चर्चा हुई ।  विसर्जन स्थलों एवं तालाबों में साफ-सफाई के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाने की बात रखी गई, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो ।
*उमरियापान में जाम की समस्या भी उठी*
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने उमरियापान में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया । इस पर नायब तहसीलदार, सरपंच एवं थाना प्रभारी ने आपसी समन्वय से समस्या का समाधान करने पर चर्चा की । जाम वाले स्थानों को चिन्हित कर पंचायत स्तर से आवश्यक सूचना एवं नोटिस जारी करने तथा समझाइश के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई ।
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने गणेश उत्सव समितियों एवं जनप्रतिनिधियों से स्थानीय समस्याओं और सुझावों की जानकारी भी ली ।  उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है ।  सभी लोग सजग रहकर एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और किसी भी विषम परिस्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ।
बैठक में सरपंच अटल व्यौहार, राजेश राजा चौरसिया, जयप्रकाश चौरसिया, जगन्नाथ मांझी, शैलेंद्र पौराणिक, मोहन चौरसिया, प्रदीप चौरसिया, विद्युत मंडल से लक्ष्मण रजक, नीलू साहू, ललित पटेल, ललित गौतम, वेद प्रकाश, शैलेंद्र झरिया, सोनू बर्मन, आलोक लोधी, दीपक बर्मन, सत्यम चौरसिया, अशोक चौरसिया, सुक्की गुप्ता, अंकित झारिया, अज्जू सोनी, राजेंद्र चौरसिया, राकेश यादव, पत्रकार सतीश चौरसिया सहित गणेश उत्सव समिति के सदस्य एवं पुलिस स्टाफ मौजूद रहा ।

Related Articles

Back to top button