मध्य प्रदेश

विश्वकर्मा समाज ने मनाई भगवान विश्वकर्मा जयंती, चल समारोह में झांकी रही आकर्षण का केंद्र

बड़ी संख्या में समाजजन हुए शामिल
सिलवानी। नगर के वार्ड क्रमांक 14 सरस्वती नगर में विश्वकर्मा समाज द्वारा भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजजनों ने सामूहिक रूप से भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
भगवान विश्वकर्मा को हिंदू धर्म में निर्माण, शिल्प, वास्तुकला एवं तकनीकी कौशल का देवता माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विश्वकर्मा ने अनेक भव्य नगरों, भवनों एवं दिव्य अस्त्र-शस्त्रों का निर्माण किया था। इसी कारण कारीगर, शिल्पकार, निर्माण एवं तकनीकी कार्यों से जुड़े लोग भगवान विश्वकर्मा को श्रद्धा से अपना आराध्य मानते हैं। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर औजारों एवं कार्यस्थलों की पूजा करने की भी परंपरा है। गुरुवार को नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया। इसमें भगवान विश्वकर्मा की आकर्षक झांकी सजाई गई, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। चल समारोह में समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। श्रद्धालु भगवान विश्वकर्मा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
समाजजनों ने बताया कि भगवान विश्वकर्मा जयंती समाज के लिए आस्था के साथ-साथ एकता और भाईचारे का पर्व भी है। इस आयोजन के माध्यम से समाज के लोगों को एकजुट होकर अपनी परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। आयोजन के दौरान समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button