सेवा संकल्प अभियान के तहत उमरियापान कॉलेज में स्वच्छता एवं नशामुक्ति का संदेश

गायत्री परिवार के वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वच्छता अपनाने के लिए किया जागरूक
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, नशामुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना रहा ।
कार्यक्रम में गायत्री शक्तिपीठ जिला कटनी से मुख्य वक्ता के रूप में महेंद्र खरे एवं खूबचंद गुप्ता उपस्थित रहे । वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है । उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से स्वयं दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया ।
वक्ताओं ने कहा कि युवा वर्ग देश का भविष्य है और समाज में बदलाव लाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है । यदि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ें तो समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है । उन्होंने विद्यार्थियों से अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की । वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल घर या परिसर तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी है । विद्यार्थियों से अपने महाविद्यालय परिसर, घर और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया ।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया । विद्यार्थियों ने भी स्वच्छ वातावरण बनाने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया ।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई । विद्यार्थियों ने स्वच्छता अपनाने और समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया ।
वहीं अखिल विश्व गायत्री परिवार के परिजनों द्वारा भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी दी गई । उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार, नैतिक मूल्यों और जीवनोपयोगी ज्ञान से जुड़ी परीक्षा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए प्रेरित किया । वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति की जानकारी युवाओं में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना को मजबूत करने में सहायक है ।



