सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालय में रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सेवा संकल्प अभियान के तहत नवांकुर हाई स्कूल परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं ने परिसर एवं कार्डशीट पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए जनहित एवं विकास कार्यों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
छात्राओं ने अपनी रंगोलियों के माध्यम से स्वच्छता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को दर्शाया। विभिन्न रंगों से तैयार की गई आकर्षक रंगोलियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सेवा, जनकल्याण, राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी, नवांकुर हाई स्कूल के प्राचार्य अमर सिंह शाक्य, नगर मंडल अध्यक्ष अजय जाट, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष कमल साहू, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी दुबे, सुखबीर सिंह ठाकुर, एल्डरमैन पुरुषोत्तम कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने छात्र छात्राओं द्वारा बनाई गई रंगोलियों का अवलोकन किया तथा भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विचारों को भी सुना। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता, आत्मविश्वास और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।



