तेज रफ्तार अर्टिगा माधव मैरिज गार्डन में घुसी, चालक गंभीर घायल

रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान ढीमरखेड़ा मार्ग पर शनिवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर माधव मैरिज गार्डन परिसर में जा घुसी । हादसे में कार चालक को गंभीर चोटें आई हैं ।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार तेज गति से जा रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित मैरिज गार्डन में जा घुसी । टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा और टायर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए । दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग भी खुल गए ।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और लोगों ने घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उमरियापान पहुंचाया । यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर रेफर कर दिया ।
घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई । दुर्घटना में वाहन के क्षतिग्रस्त होने से टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है । हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।



