मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित
सिलवानी। सेवा संकल्प अभियान जन सेवा से राष्ट्र सेवा के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ एवं विकसित भारत की संकल्पना को लेकर शनिवार को विकासखंड सिलवानी के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘विकसित भारत’, ‘डिजिटल इंडिया’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे विषयों पर आकर्षक एवं संदेशपरक चित्र तैयार किए। वहीं भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण, देश की प्रगति और आत्मनिर्भरता से जुड़े अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
21 सितंबर, सोमवार को विद्यालय स्तर पर चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई उत्कृष्ट चित्रकलाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी रायसेन निर्मला नंदन तिवारी के निर्देशन एवं जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विकासखंड सिलवानी के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में संपन्न हुआ।



