मेरे सपनों का भारत’ भाषण प्रतियोगिता में नैनसी काछी प्रथम

युवाओं ने राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत की परिकल्पना पर रखे विचार
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शासकीय महाविद्यालय उमरियापान में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 21 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरती धुर्वे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ ।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए । विद्यार्थियों ने अपने भाषणों में विकसित, स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत की परिकल्पना को सामने रखा । साथ ही राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, शिक्षा के महत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा देश के विकास में युवाओं की सक्रिय सहभागिता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए ।
विद्यार्थियों ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है । युवाओं में शिक्षा, कौशल, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित कर राष्ट्र की प्रगति को गति दी जा सकती है । प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की तस्वीर प्रस्तुत करते हुए देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए नागरिकों की जिम्मेदारियों पर भी प्रकाश डाला ।
प्रतियोगिता में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा नैनसी काछी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया । वहीं बी.एससी. द्वितीय वर्ष की अंशिका लखेरा ने द्वितीय तथा बी.ए. द्वितीय वर्ष की अर्चना लोधी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए महाविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई दी ।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिलाषा चौरसिया के मार्गदर्शन में किया गया । उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने प्रेरित किया ।


