बड़वारा-देवरी हटाई मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, सड़क निर्माण की मांग

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा से देवरी हटाई मार्ग की जर्जर एवं बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार 21 सितंबर को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बड़वारा के अध्यक्ष विकास निगम के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार बड़वारा को ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही नए पक्के डामरीकरण सड़क निर्माण की मांग की गई ।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि मार्ग से प्रतिदिन ओवरलोड भारी वाहनों का आवागमन होने के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है । जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति भी निर्मित हो रही है ।
सड़क की खराब स्थिति का असर आम लोगों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं और किसानों पर भी पड़ रहा है । वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाने वाली एंबुलेंस एवं अन्य आपातकालीन वाहनों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
*तीन प्रमुख मांगें रखीं*
ज्ञापन में मार्ग के सबसे खराब हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने, बड़वारा-देवरी हटाई मार्ग पर उच्चस्तरीय पक्की डामरीकृत सड़क का निर्माण जल्द स्वीकृत कराने तथा सड़क को सुरक्षित रखने के लिए ओवरलोड भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की मांग की गई ।
*मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी*
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समय रहते मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं किया गया और नए सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जनहित में आंदोलन किया जाएगा । इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी ।
इस दौरान नारायण तिवारी, अंशुल राजपूत, श्याम बिहारी राय, नीरज नायक, पिंशू सेन, रवि शंकर पाल, प्रमोद गुप्ता, अक्कू चौहान, रमित बर्मन, वीरेंद्र चौधरी, कमल सिंह, जित्तू चौधरी, पिरु, अमित सिंह एवं राम कचेर सहित अन्य कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे ।



