चलती बाइक में बुजुर्ग पर जानवर ने किया हमला, ग्रामीण बता रहे टाइगर, वन विभाग सर्चिग में लगा

रायसेन । शुक्रवार देर शाम रायसेन जिले के ग्राम चिलवाहा में एक बुजुर्ग पर जानवर के हमले का मामला सामने आया है। घायल के परिजन और ग्रामीण हमलावर जानवर को टाइगर बता रहे हैं। घटना में बीनाराम बंजारा उम्र 65 साल घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार, बीनाराम बंजारा अपने पोते जगदीश बंजारा के साथ बाइक से चिलवाहा से बड़कुई की ओर जा रहे थे। बाइक जगदीश बंजारा चला रहा था और बीनाराम बंजारा पीछे बैठे थे। इसी दौरान रास्ते में जंगल की ओर से अचानक एक जानवर निकलकर चलती बाइक पर हमला कर दिया। हमले से दोनों घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। इसी दौरान जानवर ने बीनाराम बंजारा का हाथ अपने जबड़े में दबोच लिया।
शोर सुनकर कुछ देर बाद जानवर बीनाराम बंजारा को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी गई। शुक्रवार रात करीब 9 बजे घायल बीनाराम बंजारा को जिला अस्पताल रायसेन लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी जिला अस्पताल पहुंची। वहीं, वन विभाग द्वारा घटनास्थल के आसपास सर्चिग अभियान शुरू कर दिया गया है। हमलावर जानवर टाइगर था या कोई अन्य जंगली जानवर, इसकी पुष्टि वन विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।



