कृषि

बिजली कटौती से सूख रही धान की फसल, भारतीय किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन

सिलवानी। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ, सिलवानी द्वारा अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से विद्युत विभाग द्वारा की जा रही अघोषित बिजली कटौती पर नाराजगी जताते हुए समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की गई।
भारतीय किसान संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि विद्युत विभाग द्वारा लोड शेडिंग के नाम पर दिन में कई बार बिजली कटौती की जा रही है। वहीं, रात के समय चार घंटे बिजली उपलब्ध कराने के बजाय केवल एक घंटे ही बिजली दी जा रही है। इसके चलते किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है और अटल ज्योति योजना के तहत मिलने वाली बिजली भी निर्धारित समय के अनुरूप उपलब्ध नहीं हो रही है।
बिजली कटौती से धान की फसल पर संकट
ज्ञापन में कहा गया कि बिजली विभाग की इस व्यवस्था के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से खेतों में सिंचाई प्रभावित हो रही है और किसानों की धान की फसल सूखने की स्थिति में पहुंच रही है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है तथा उनकी आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग
भारतीय किसान संघ ने अनुविभागीय अधिकारी से मांग की कि विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर बिजली कटौती की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिल सके और उनकी फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्या का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान संघ धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संघ ने विद्युत विभाग से किसानों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन देने वलो में भारतीय किसान संघ के संभागीय मंत्री राघवेंद्र रावत, जिला सदस्य अजय मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष अमो प्रकाश रावत, नीरपत सिहं रघुवंशी, आदित्य रघुवंशी, नरेश रघुवंशी, दर्शन सिंह धाकड़ सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button