मध्य प्रदेश

महिला आयोग सदस्य साधना स्थापक ने कन्या छात्रावास का किया औचक निरीक्षण

50 सीटों वाले छात्रावास में महज दो कमरे, छात्राओं को जमीन पर सोने को मजबूर होना पड़ रहा

सिलवानी। विकासखंड सिलवानी के ग्राम जमानिया स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्या छात्रावास का महिला आयोग सदस्य साधना स्थापक ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान छात्रावास में कमरों की कमी और छात्राओं को हो रही परेशानियों का मामला सामने आया।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास की वार्डन एवं सहायक कर्मचारियों ने महिला आयोग सदस्य साधना स्थापक को बताया कि छात्रावास की क्षमता 50 सीटों की है, लेकिन यहां छात्राओं के रहने के लिए मात्र दो कमरे उपलब्ध हैं। सीमित स्थान में ही छात्राओं के रहने, भोजन करने और सोने की व्यवस्था करनी पड़ रही है। पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण छात्राओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह है कि स्थान की कमी के चलते छात्राओं को जमीन पर ही सोना पड़ता है।
वार्डन एवं कर्मचारियों ने बताया कि छात्रावास में पर्याप्त भवन और कमरों की व्यवस्था के लिए उच्च स्तर पर लिखित शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। कम जगह में छात्रावास का संचालन होने से छात्राओं की दैनिक दिनचर्या और सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
इस दौरान महिला आयोग सदस्य साधना स्थापक ने वार्डन एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए शीघ्र आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। महिला आयोग सदस्य के साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू जिला पंचायत सदस्य राकेश उईके, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, बीईओ रूपेश ठाकुर, बीआरसी मजहबी सिद्दीकी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button