मासूम की तलाश में दिन-रात एक कर रही पुलिस, 48 घंटे बाद भी नहीं मिला 10 वर्षीय अभिषेक का सुराग

एसडीओपी समेत भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, गांव से जंगलों तक चलाया जा रहा सर्चिंग अभियान
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा। दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गूढ़ा से लापता हुए 10 वर्षीय मासूम अभिषेक अहिरवार का 48 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। मासूम के अचानक लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है। बालक की सुरक्षित तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें दिन-रात जुटी हुई हैं।
शाम 5 बजे घर से निकला था मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गूढ़ा निवासी लोकमन अहिरवार का 10 वर्षीय पुत्र अभिषेक अहिरवार 10 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी देर तक बालक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर तेजगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस महकमा अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजगढ़ पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू कर दिया। पुलिस टीम द्वारा पूरी रात संभावित स्थानों पर सर्चिंग की गई। तेंदूखेड़ा एसडीओपी भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान की कमान संभाली। थाना प्रभारी अरविंद सिंह अपनी टीम के साथ गांव, आसपास के जंगलों और संभावित रास्तों पर लगातार खोजबीन कर रहे हैं।
परिजनों को सुरक्षित वापसी की उम्मीद
48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मासूम का कोई पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। माता-पिता और परिवार के लोग बच्चे की सुरक्षित वापसी की आस लगाए बैठे हैं। वहीं ग्रामीण भी पुलिस के साथ मिलकर अपने स्तर पर बालक की तलाश में सहयोग कर रहे हैं। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस की तलाश और मासूम अभिषेक की सकुशल बरामदगी पर टिकी हुई हैं।



