बहोरीबंद तिराहा से स्लीमनाबाद तिराहा तक सड़क किनारे अवैध जमावड़ा

राजस्व विभाग की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित होने के आरोप
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । तहसील मुख्यालय स्लीमनाबाद में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है । नगर के प्रमुख मार्गों पर दुकानदारों, ठेला संचालकों और भवन निर्माण सामग्री विक्रेताओं द्वारा सड़क तक सामान फैलाए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है । स्थिति यह है कि आए दिन मार्गों पर जाम लगने से वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है । इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
बहोरीबंद तिराहा से स्लीमनाबाद तिराहा तक सड़क के दोनों ओर कई स्थानों पर रेत, गिट्टी, लोहा एवं अन्य निर्माण सामग्री का जमावड़ा लगा रहता है । वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों की मरम्मत करने वाले दुकानदारों ने भी सड़क किनारे अस्थायी दुकानें और टपरे बना रखे हैं । इसके अलावा ठेला संचालकों द्वारा भी सड़क के हिस्से पर कब्जा कर व्यापार किया जा रहा है । धीरे-धीरे अतिक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है, जिससे सड़कें संकरी होती जा रही हैं ।
*सड़क पर पार्किंग से बढ़ रही जाम की समस्या*
अतिक्रमण के साथ-साथ बेतरतीब वाहन पार्किंग भी लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बनी हुई है । वाहन चालक कहीं भी अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे पहले से संकरे मार्ग पर आवागमन और मुश्किल हो जाता है । विशेष रूप से स्लीमनाबाद तिराहा पर शाम के समय स्थिति अधिक खराब हो जाती है । सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लगने से लोगों को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है ।
*अधिकारियों की आवाजाही, फिर भी समस्या जस की तस*
हैरानी की बात यह है कि इसी मार्ग से जिले के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का प्रतिदिन आवागमन होता है । इसके बावजूद सड़क किनारे फैले अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लग पा रहा है । स्थानीय लोगों का कहना है कि समय-समय पर कार्रवाई की बात तो कही जाती है, लेकिन धरातल पर हालात में कोई खास बदलाव नहीं दिखाई देता ।
*राजनीतिक हस्तक्षेप भी बन रहा कार्रवाई में बाधा*
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान राजनीतिक दबाव भी सामने आता है । जब प्रशासनिक अमला कार्रवाई के लिए पहुंचता है तो कुछ लोगों द्वारा नेताओं के माध्यम से दबाव बनवाया जाता है । ऐसे में कार्रवाई बीच में ही प्रभावित हो जाती है । नागरिकों का कहना है कि यदि वास्तव में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करना है तो बिना किसी भेदभाव और दबाव के सख्त कदम उठाने होंगे ।
*पुलिस और राजस्व विभाग ने दिया कार्रवाई का भरोसा*
इस संबंध में थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि स्लीमनाबाद तिराहा पर समय-समय पर वाहनों की जांच की जाती है । पूर्व में भी वाहन चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी गई थी । यदि इसके बावजूद मनमाने तरीके से पार्किंग की जा रही है तो अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं तहसीलदार आकाशदीप नामदेव ने बताया कि समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है । जल्द ही अभियान चलाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा ।



