मंदिर की दीवारों में आईं बड़ी-बड़ी दरारें, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने विधायक और ग्राम पंचायत से की शीघ्र निर्माण कराने की मांग

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। नगर के मचखंडा मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है । मंदिर की दीवारों में जगह-जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे मंदिर के कभी भी धराशायी होने की आशंका बनी हुई है । ऐसे में मंदिर में दर्शन-पूजन करने आने वाले श्रद्धालुओं एवं आसपास रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है ।
मंदिर की जर्जर स्थिति को देखते हुए पूर्व में ग्राम पंचायत उमरियापान को आवेदन देकर मंदिर के नवीन निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है । मंदिर की लगातार बिगड़ती हालत को देखते हुए स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं में नाराजगी है ।
इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह तथा ग्राम पंचायत उमरियापान के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मचखंडा मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पंचायत निधि से मंदिर का नवीन निर्माण शीघ्र कराया जाए ।
संगठन ने कहा कि मंदिर लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है । यहां प्रतिदिन श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं । ऐसे में किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते मंदिर का निर्माण कराया जाना आवश्यक है । विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने श्रद्धालुओं की आस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं करने की मांग की है ।



