देवउठनी एकादशी पर श्री राम मंदिर में तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न, भव्य बारात में उमड़े श्रद्धालु

सिलवानी। देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर नगर के प्रसिद्ध प्राचीन श्री राम मंदिर, जमुनियापुरा में तीन दिवसीय तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
तीन दिवसीय विवाह समारोह का शुभारंभ प्रथम दिवस श्री गणेश पूजन के साथ विधि-विधानपूर्वक किया गया। दूसरे दिन मंडप सजाकर विवाह की पारंपरिक रस्में संपन्न कराई गईं। वहीं तीसरे दिन शुक्रवार को तुलसी-शालिग्राम विवाह के अवसर पर भव्य बारात एवं विवाह के फेरे सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
भव्य बारात बजरंग चौराहे से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्राचीन श्री राम मंदिर, जमुनियापुरा पहुंची। बारात में श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ शामिल हुए। मंदिर पहुंचने पर विवाह की रस्में श्रद्धापूर्वक संपन्न कराई गईं।
इस धार्मिक आयोजन में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। श्रद्धालुओं ने तुलसी माता एवं भगवान शालिग्राम के विवाह में शामिल होकर पूजा-अर्चना की तथा मंगल गीतों और धार्मिक उत्साह के साथ आयोजन को भव्य बनाया। तीन दिनों तक चले इस विवाह महोत्सव ने नगर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया।



