धार्मिक

हिंदू उत्सव समिति के चल समारोह के साथ सिलवानी में धूमधाम से मनाई गई होली

सिलवानी। रंगों के पर्व होली के अवसर पर नगर में हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह प्राचीन श्रीराम मंदिर जमुनियपुरा से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गो से होकर श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर बजरंग चौराहा पहुंचा। चल समारोह में बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए और ढोल-नगाड़ों व डीजे की धुन पर उत्साहपूर्वक नाचते-गाते हुए होली का आनंद लिया। चल समारोह में लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। बुधवार को नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर “बुरा न मानो होली है” की गूंज सुनाई देती रही। लोग टोलियां बनाकर सड़कों पर निकले और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई देते नजर आए। ढोल की थाप और तेज संगीत की धुन पर युवा जमकर झूमते दिखाई दिए। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंगों में सराबोर नजर आए। लोगों ने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाया और भाईचारे के इस पर्व को मिलजुलकर मनाया। कई स्थानों पर लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर मिठाइयों और पारंपरिक पकवानों का स्वाद लिया, वहीं कहीं पानी की बौछारों के बीच उत्साहपूर्वक होली खेली गई।
इससे पूर्व सोमवार की रात्रि में नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विधि-विधान के साथ होलिका दहन किया गया। बड़ी संख्या में लोग होलिका दहन स्थल पर एकत्रित हुए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर फाग गीत गाए गए। ढोलक और टिमकी की थाप पर बुजुर्गों सहित ग्रामीणजन झूमते नजर आए।
नगर एवं ग्रामीण अंचलों में लोगों ने रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम, सौहार्द व भाईचारे के साथ इस पर्व को मनाया। चल समारोह और दिन पर होली पर प्रशासन मुस्तैद रहा।

Related Articles

Back to top button