श्रीमद् भागवत कथा में धूमधाम से मनाया गया भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

सिलवानी। नगर के बजरंग चौराहा स्थित श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर परिसर के मंगल भवन में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। जन्मोत्सव के अवसर पर कथा स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की झांकी एवं भजनों पर झूमते नजर आए।
परम पावन पुरुषोत्तम मास के अवसर पर सिलवानी महिला मंडल द्वारा आयोजित इस श्रीमद् भागवत कथा में कथा वाचक पंडित नगर खेड़ापति संजय शास्त्री श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करा रहे हैं। कथा के चौथे दिन उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य अवतरण, उनकी बाल लीलाओं तथा धर्म की स्थापना के लिए किए गए कार्यों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानवता को प्रेम, सत्य, धर्म और कर्तव्य पालन की प्रेरणा देता है।
कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जैसे भजनों पर भक्ति भाव से नृत्य किया। महिला मंडल की सदस्याओं एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया।
सिलवानी महिला मंडल ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का लाभ प्राप्त करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित करें।

