मंत्री के बंगले के सामने एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह का प्रयास

राज्यमंत्री के रिश्तेदार पर लगाया गंभीर आरोप
राज्यमंत्री लखन पटेल का कहना : मेरा इस मामले में कोई लेना देना नही
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । शनिवार को दमोह में राज्यमंत्री लखन पटेल के बंगले के सामने एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। पीड़ित युवक ने मंत्री के रिश्तेदार पर धोखाधड़ी और मंत्री पद की धौंस की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ख़ुदकुशी की कोशिश करने वाले युवक का नाम लखन गड़रिया है। उसका आरोप है कि राज्यमंत्री के रिश्तेदार ने फोन पेय एप के माध्यम से उससे 66 हजार रुपए लिए लेकिन उसे वापस नहीं किया। जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
खुदकुशी की कोशिश करने वाला लखन गड़रिया सीतापुर का निवासी है। पुलिस उसे बचाकर सिटी कोतवाली थाना पहुंची और उससे पूछताछ करते हुए मामले की जांच में जुट गई है।
पथरिया विधानसभा क्षेत्र के सीता नगर निवासी लखन गडरिया का आरोप है कि राज्य मंत्री लखन पटेल के साले का बेटा नीतेश पटेल, जिसने उससे फोन पे के माध्यम से तीन किस्तों में ₹30000, ₹30000 और फिर ₹6000 कुल मिलाकर ₹66000 लिए थे, लेकिन अब जब वह पैसे वापस मांग रहा है तो नीतेश पटेल उसे धमका रहा है।
युवक का कहना है कि नीतेश पटेल उसे धमकी दे रहा है कि उसके फूफा जी राज्य मंत्री हैं। पूरे मध्य प्रदेश में उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता, इसलिए वह दुखी है और मंत्री के घर के सामने आत्मदाह करने जा रहा है। उसने अपने ऊपर पेट्रोल भी छिड़क लिया। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर कर दी और पुलिस उस युवक को पकड़कर कोतवाली ले गई। इस मामले में कोतवाली टीआई आनंद सिंह का कहना है कि युवक के द्वारा आत्मदाह करने का प्रयास किया जा रहा था उसे पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
इस घटनाक्रम को लेकर राज्य मंत्री लखन पटेल का कहना है कि मैं अपने घर में ही था मुझे भी पता नहीं चला कि यह पूरा घटनाक्रम घर के बाहर हो गया। बाद में व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी मिली कि मेरे घर के सामने ऐसा घटनाक्रम हो गया है। जब मैंने इस मामले की जानकारी जुटाई तो पता चला कि जिस युवक ने आत्मदाह करने का प्रयास किया वह और दूसरा नीतेश पटेल यह दोनों कटनी में ठेकेदारी करते थे। उनके बीच ठेकेदारी के बिल भुगतान का लेनदेन हुआ है जो राशि फोन पे से दी गई है।
उसके अलावा भी एक लाख रुपये का चेक भी आत्मदाह करने वाले युवक ने नीतेश पटेल को दिया है। नीतेश पटेल मेरा करीबी रिश्तेदार नहीं है, लेकिन समाज के नाते कहीं ना कहीं से रिश्तेदार जरूर लगता है। मैं दोनों को जानता हूं क्योंकि दोनों मेरे क्षेत्र के हैं। अब इसकी सच्चाई पुलिस खुद उस युवक के माध्यम से सबके सामने रख देगी। मेरा इस पूरे मामले में कहीं कोई लेना, देना नहीं है।



