एसडीएम ने दो उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण वेयरहाउस संचालकों, समिति प्रबन्धकों को दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । कलेक्टर अरविंद दुबे के निर्देशानुसार एसडीएम सौरभ मिश्रा द्वारा शनिवार कव दो उपार्जन केंद्र पन्दरभटा एवं सुमेर का तहसीलदार एसआर देशमुख के साथ आकस्मिक निरीक्षण किया और उपार्जन केंद्रों पर बिकने आ रहे गेहूं की गुणवत्ता को भी परखा।
इसके साथ उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए की गेहूं साफ सुथरा, बिना मिट्टी मिला एवं बिना पानी में भीगा हुआ ही खरीदें। यदि इस बात का ध्यान नहीं रखा गया तो पुनः सभी केंद्रों पर गेहूं, चना, मसूर की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
मानक में खरा नहीं उतरने पर संबंधित उपार्जन केंद्रों के प्रभारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि वेयर हाउस संचालकों के द्वारा भंडारण में लापरवाही बरती गई तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाकर क्षतिपूर्ति की भरपाई कराई जाएगी।
इसके साथ ही एसडीएम सौरभ मिश्रा ने किसानों को भी समझाइश देते हुए सन्देश दिया कि किसान भी इस बात का ख्याल रखें कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश को देखते पानी में भीगा हुआ एवं मिट्टी कचरा मिला हुआ गेहूं उपार्जन केंद्रों विक्रय के लिए नहीं लाए क्योंकि वह किसी कीमत पर नहीं खरीदा जाएगा । जिससे आप लोगों को असुविधा होगी। इसलिए इसका विशेष ध्यान रखें ।
कलेक्टर अरविंद दुबे के निर्देशानुसार एसडीएम द्वारा क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर गेहूॅ और चना, मसूर उपार्जन खरीदी केन्द्रों एवं स्टॉक किए जाने वाले वेयर हाउसों का सतत् निरीक्षण किए जाने के साथ वहां की व्यवस्थाएं सुनिश्चत करते हुए खरीदी गई उपज सुरक्षित रखे जाने के निर्देश वेयरहाउस संचालकों को दिए ।
इस बार तहसील में दो और बसिया एवं मरखेड़ा टप्पा में नवीन केंद्रों की वृद्धि करते हुए 17 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं ।
जिनमें एलएसएस सोसायटी बेगमगंज एवं पन्दरभटा सोसायटी तथा सुल्तानगंज सोसायटी के दो – दो उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं ।
जिनमें चना एवं मसूर की खरीदी भी चल रही है जबकि शाहपुर – सुल्तानपुर, भूरेरु, पांडाझिर, सुमेर, सुनहेरा, बसिया, मरखेड़ा टप्पा सोसायटियों में एक -एक केंद्र बनाकर सीधे वेयर हाउसों पर गेंहू की तुलवाई कराई जाकर किसानों द्वारा समर्थन मूल्य पर विक्रय के लिए लाई जा रही उपज में गेंहू, चना एवं मसूर की खरीदी की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में शनिवार को एसडीएम सौरभ मिश्रा ने बेगमगंज के दो उपार्जन केन्द्रों पन्दरभटा एवं सुमेर का निरीक्षण करते हुए वेयरहाउस संचालकों एवं समिति प्रबंधकों को किसानों द्वारा विक्रय के लिए लाई जा रही उपज को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए ताकि सरकार को गुणवत्तापूर्ण गेंहू , चना एवं मसूर मिल सके।
एसडीएम सौरभ मिश्रा ने बताया कि सभी 17 उपार्जन केंद्रों पर गुणवत्तापूर्ण गेहूं, चना, मसूर की गुणवत्ता परखने के लिए सर्वेयर तैनात हैं। अभी 14 चालू केंद्रों पर अब तक करीब 60 क्विंटल गेहूं एवं 5 – 5 हजार क्विंटल चना व मसूर की खरीदी की जा चुकी है। अन्य तीन केंद्रों पर भी खरीदी की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी । सभी केंद्रों पर किसानों को पर्याप्त छाया एवं पेयजल की व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई है।



