धान की बंपर आवक से सिलवानी मंडी में उत्साह का माहौल, किसानों के चेहरे पर छाई खुशी

सिलवानी। इस बार धान की बंपर पैदावार और बेहतर दाम मिलने से सिलवानी कृषि मंडी में हलचल देखने को मिली है। बुधवार को दर्जनों ट्रालियां धान से भरकर मंडी में पहुंचीं, जिससे मंडी में जान फूंकी और किसानों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। किसानों का कहना है कि इस वर्ष धान की उपज सामान्य से बेहतर रही है और अच्छे भाव मिलने से उनकी मेहनत सफल साबित हो रही है।किसान माखन सिंह ने बताया कि इस वर्ष प्रति एकड़ धान की पैदावार लगभग 15 से 20 क्विंटल तक हुई है। उन्होंने कहा, “सिलवानी मंडी में हमें प्रति क्विंटल 3400 रुपए की अच्छी कीमत मिली है, जिससे किसान खुश हैं और आर्थिक रूप से लाभान्वित महसूस कर रहे हैं।”ग्राम तिनघरा से आए किसान अवधेश आदिवासी ने धान के बढ़ते भावों के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “इस बार धान का भाव 2800 रुपए से लेकर 3430 रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहा है। यह हमारे मेहनत और लागत के हिसाब से संतोषजनक है।”देवरी मडिया ग्राम के किसान नितेश अवस्थी ने बताया कि एक एकड़ धान की खेती में लगभग 30,000 रुपए खर्च होते हैं। “वर्तमान भाव लागत निकालने में मददगार साबित हो रहे हैं, जिससे नुकसान की संभावना कम हो रही है।”फिर भी किसानों ने सरकार से अपनी पूरी मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए और ऐसे कदम उठाने चाहिए जिससे धान की कीमत और बेहतर हो सके। किसानों की प्राथमिक मांग है कि उन्हें उनकी मेहनत का वाजिब और सुनिश्चित मूल्य मिले।धान की इस बंपर आवक ने सिलवानी मंडी को गुलजार बना दिया है और किसानों के मन में नई उम्मीदों का संचार किया है।



