भारतीय किसान संघ ने किया पौधरोपण

सिलवानी। हरियाली अमावस्या के अवसर पर भारतीय किसान संघ की ब्लॉक इकाई सिलवानी द्वारा गुरुवार को पौधरोपण
कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से सिविल अस्पताल, थाना परिसर एवं तहसील परिषद परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ के संभाग मंत्री राघवेंद्र रावत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनकी देखभाल करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। हरियाली अमावस्या केवल पौधारोपण का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश रावत, नगर अध्यक्ष निरपत सिंह रघुवंशी, घनश्याम सिंह रघुवंशी, ब्लॉक सदस्य प्रेम नारायण दुबे, पाल, अंशुल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।



