बिजली बिल बकायादारों की संपत्ति होगी जब्त, विद्युत विभाग कर रहा कड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर : मनीष यादव
पलेरा। स्थानीय विद्युत विभाग ने अब बिजली बिल के बकायादारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विभाग ने बिजली बिल बकाया रखने वाले अधिकारियो, कर्मचारियों, राजनेताओं और व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के तहत अगर तय समय के अनुसार बकायेदारों ने बिजली भुगतान नहीं किया, तो उनकी संपत्ति को कुर्क किया जा रहा हैं। यहीं नहीं, जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों पर पलेरा कनिष्ठ अभियंता अमित भूषण के द्वारा विभाग बकायेदारों की संपत्ति जब्त कर वसूली भी कर रहा है। ग्राम पंचायतों में विद्युत बिल वसूली को लेकर पलेरा कनिष्ठ अभियंता अमित सिंह के द्वारा ग्राम पंचायत के सरपंचों को विद्युत बिल बकायादारों की सूची दे दी गई है। सरपंचों के द्वारा भी कनिष्ठ अभियंता अमित सिंह को तीन दिवस में विद्युत बिल राशि जमा किए जाने का आश्वासन ग्राम पंचायत सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा दिया गया है। कनिष्ठ अभियंता अमित सिंह ने बताया कि नगर एवं क्षेत्र में प्रतिदिन लंबे समय से बिल राशि नहीं देने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के साथ-साथ उनके सामान भी जप्त किए जा रहे हैं। विभाग ने बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ जप्ती और कुर्की की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने बताया कि लगातार क्षेत्र में अनाउंसमेंट के जरिए विद्युत राशि तत्काल जमा किये जाने की सूचना हर बकायादारों की घर तक पहुंचाई जा रही है।



