सरस्वती शिशु मंदिर एवं छात्रावास में बस पूजन एवं अभिनन्दन समारोह संपन्न

सिलवानी। सियरमऊ स्वर्गीय प्रीति शिक्षा समिति सियरमऊ द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर एवं बिरसा मुंडा जनजाति बालक छात्रावास में बुधवार को अवादा फाउंडेशन द्वारा दान रूप में प्राप्त विद्यालय बस के उपलक्ष्य में अभिनन्दन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यालय को मिली इस महत्वपूर्ण सहायता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना तथा जनसमुदाय को शिक्षा विकास कार्यों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवं एनआरआई सेवानिवृत सी.ए. विजय अग्रवाल ने की, जबकि अवादा फाउंडेशन की निदेशक ऋतु पटवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशेष अतिथियों में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, जिला पंचायत सदस्य राकेश उइके, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंह रघुवंशी, तथा जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा सम्मिलित हुए।
अतिथियों ने अवादा फाउंडेशन के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का सहयोग ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समिति अध्यक्ष ने सभी अतिथियों एवं सहयोग कर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋतु पटवारी ने बताया कि अवादा फाउंडेशन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण जैसी विभिन्न जनहितकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिससे ग्रामीण जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
अध्यक्ष विजय अग्रवाल ने भी बच्चों एवं आचार्य परिवार को फाउंडेशन के उद्देश्यों और सामाजिक योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्या भारती के जनजाति शिक्षक प्रांत प्रमुख रूप सिंह लोहने, लखन साहू, अरविंद शुक्ला, सर्वेश खरे, अमित शुक्ला, दीनबंधु तिवारी, सरपंच प्रतिनिधि मनोज रजक सहित छात्र छात्राओं के अभिभावक एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
समारोह को सफल बनाने में विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।



