क्राइम

बाइक से कट मारने पर दो गुट भिड़े, चाकूबाजी में दो युवक गंभीर घायल

10 हमलावरों ने किया हमला, चार बालिग आरोपित गिरफ्तार
गैरतगंज । नगर में मंगलवार शाम बाइक से कट मारने की मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। नंदिनी नगर मार्ग पर दो गुटों के बीच हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार बालिग आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रितिक आदिवासी, निखिल अहिरवार तथा उनके दो साथी दो बाइक से नंदिनी नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से राज रैकवार अपने साथियों के साथ उसी मार्ग पर आ रहा था। थाना क्षेत्र के दिन-रात पेट्रोल पंप के पास बाइक से कट मारने को लेकर देनों पक्ष आमने सामने आ गए। पहले कहा-सुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान राज रैकवार के साथ मौजूद युवकों ने रितिक आदिवासी पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में रितिक के पेट में गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसी दौरान एक अन्य किशोर पर भी चाकू से वार किया गया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल गैरतगंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर किया गया।
थाना प्रभारी डीपी लोहिया ने बताया कि घटना में कुल 10 लोग शामिल थे, जिनमें 4 बालिग और 6 नाबालिग हैं। पुलिस ने मंगलवार रात ही कार्रवाई करते हुए चारों बालिग आरोपितों राज रैकवार, आनंद धाकड़, अंकित भार्गव और विक्की लोधी को गिरफ्तार कर लिया है। नाबालिग आरोपितों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।

Related Articles

Back to top button