गर्मी से गेहूं की फसल समय से पहले पकी, पैदावार पर असर

सिलवानी। क्षेत्र में मौसम के बदले मिजाज और अचानक बढ़ी गर्मी का असर अब खेतों में साफ दिखाई देने लगा है। बढ़ते तापमान के कारण गेहूं की बालियां समय से पहले ही सुनहरी होकर पक गई हैं। इससे किसानों को तय समय से पहले ही कटाई के काम में जुटना पड़ रहा है।
किसानों के अनुसार पिछले एक सप्ताह में क्षेत्र के लगभग 70 से 80 प्रतिशत गेहूं का रकबा कटाई के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। खेतों में चारों ओर लहलहाती सुनहरी फसल अब कटाई का इंतजार कर रही है और कई स्थानों पर हार्वेस्टर मशीनों के साथ किसानों ने कटाई शुरू भी कर दी है।
कृषि जानकारों का कहना है कि तापमान में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण गेहूं के दानों को पकने का पूरा समय नहीं मिल पाया। इससे दाने पूरी तरह विकसित नहीं हो सके हैं, जिसके कारण दाना पतला रहने और वजन कम होने की संभावना बढ़ गई है। इसका सीधा असर इस साल की कुल पैदावार पर पड़ सकता है।
स्थानीय किसान हीरेंद्र यादव और जीतेन्द्र साहू ने बताया कि तेज गर्मी के कारण फसल समय से पहले ही पककर सूख गई है। सामान्य स्थिति में फसल को पकने में कुछ और समय मिलता, जिससे दाना भरपूर बनता। लेकिन इस बार अचानक बढ़ी गर्मी से उत्पादन कम होने की चिंता किसानों को सता रही है।
वहीं किसानों ने जल्द से जल्द कटाई पूरी कर सुरक्षित भंडारण की तैयारी भी शुरू कर दी है, ताकि मौसम के उतार-चढ़ाव से फसल को नुकसान न हो।



