अनियंत्रित होकर नहर में समाई कार, दो सुरक्षित निकले, दो की तलाश जारी

मंगलवार देर रात्रि की घटना, मझगवा पुलिस एवं एसडीईआरएफ टीम रेस्क्यु में लगी
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्र थाना मझगवा अन्तर्गत आने वाली गिदुरहा बड़ी नहर का मामला प्रकाश में आया है यहां देर रात्रि एक सफेद रंग की कार मंगलवार की रात में अनियंत्रित होकर नहर में जा समाई।
मझगवा थाना प्रभारी धन्नू सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात लगभग 10:45 बजे के दौरान सूचना आई कि गिदुरहा बड़ी नहर कोनी खुर्द गांव के सामने बनी नहर में सिल्वर रंग की कार क्रमांक एमपी 20 सीएफ 7886 गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी थी। इस घटना को लेकर रात्रि में थाना पुलिस स्टाप मौके पर पहुंच गया था। देर रात घटना होने के कारण सुबह से ही पुलिस स्टाप मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का बारिकी से निरीक्षण किया गया। इस घटना से सवार चार युवकों में से दो बाहर निकल आए थे। साथ ही दो लापता है। इन दोनों लोगों की खोजबीन करने एसडीईआरएफ की टीम रेस्क्यू में लगी हुई हैं। फिलहाल कार को नहर से बाहर निकाल लिया गया हैं। साथ दोनो युवकों की खोज जारी है।
गिदुरहा बड़ी नहर कोनी खुर्द के पास नहर में समाई कार में मंगलवार को चार युवकों में शुभम् पिता रामसहाय विशकर्मा उम्र 29 वर्ष, अन्नू अंसारी उम्र 27 वर्ष ये गाड़ी से बाहर निकल आए थे। वही शकील अंसारी उम्र 30 वर्ष, अंकित उर्फ अजय यादव उम्र 30 वर्ष अभी लापता है। जिनकी तलाश जारी है। ये सभी अधारताल जबलपुर निवासी बताए जा रहे हैं।



